चंडीगढ़ न्यूज डेस्क: चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव को लेकर बीजेपी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। 23 दिसंबर को होने वाले चुनाव से पहले पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 22 नवंबर को चंडीगढ़ में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम के साथ ही वह पार्टी के चुनावी अभियान की शुरुआत करेंगे। नितिन नवीन सेक्टर-27 स्थित श्री रामलीला मैदान में बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होंगे।
सम्मेलन के बाद वह सेक्टर-33 स्थित बीजेपी के प्रदेश कार्यालय कमलम पहुंचेंगे। यहां कोर कमेटी के सदस्यों, प्रदेश पदाधिकारियों और विभिन्न मोर्चों के अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे। इसके बाद इसी जगह प्रवासी कार्यकर्ता बैठक में शामिल होकर कार्यकर्ताओं से बातचीत करेंगे और उन्हें जनता तक पहुंचने तथा संगठन को मजबूत करने के लिए दिशा-निर्देश देंगे। चंडीगढ़ बीजेपी अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा ने बताया कि सम्मेलन में बूथ स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे।
मल्होत्रा के मुताबिक, पार्टी उम्मीदवारों का चयन अपनी लोकतांत्रिक और पारदर्शी प्रक्रिया के तहत करेगी। इस पर संगठन स्तर पर काम चल रहा है और अगले एक-दो दिनों में चुनाव समिति की बैठक होगी। बीजेपी अपना संकल्प पत्र केवल पार्टी कार्यालय में चर्चा करके तैयार नहीं करेगी, बल्कि रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए), मार्केट एसोसिएशन, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से सुझाव भी लेगी। पार्टी यह जानना चाहती है कि लोग आने वाले वर्षों में शहर के विकास, नागरिक सुविधाओं, आधुनिक तकनीक, डिजिटलीकरण और नगर निगम के कामकाज में किस तरह के बदलाव चाहते हैं। इसके साथ ही चंडीगढ़ में अब तक हुए विकास कार्यों और नगर निगम की उपलब्धियों को भी जनता के सामने रखा जाएगा।
सम्मेलन में चंडीगढ़ के 575 बूथों में से प्रत्येक से करीब 11 कार्यकर्ताओं के शामिल होने की उम्मीद है। इसके अलावा प्रदेश पदाधिकारी, सभी छह जिलों के प्रतिनिधि, मंडल पदाधिकारी और विभिन्न मोर्चों व प्रकोष्ठों के कार्यकर्ता भी पहुंचेंगे। कुल मिलाकर करीब 6,500 कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के शामिल होने का अनुमान है। चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव के प्रभारी और दिल्ली के विधायक सतीश उपाध्याय ने कहा कि उम्मीदवारों का चयन पार्टी की आंतरिक लोकतांत्रिक प्रक्रिया से होगा। इसमें अलग-अलग उम्र, क्षेत्रों और समाज के सभी वर्गों को प्रतिनिधित्व देने का ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि बीजेपी का लक्ष्य सभी 35 वार्डों में जीत हासिल करना है और पार्टी कार्यकर्ता एकजुट होकर चुनाव लड़ेंगे।