ताजा खबर

चंडीगढ़ में साइकिल सवार की मौत के मामले में ऑटो चालक को 5 साल की जेल, बिना लाइसेंस चला रहा था वाहन

Photo Source : Google

Posted On:Friday, November 27, 2026

चंडीगढ़ न्यूज डेस्क: चंडीगढ़ के सेक्टर 16/17 लाइट पॉइंट पर करीब तीन साल पहले हुए सड़क हादसे में एक साइकिल सवार की मौत के मामले में अदालत ने ऑटो चालक को पांच साल की जेल की सजा सुनाई है। चालक सोनू को गैर इरादतन हत्या और बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाने का दोषी पाया गया। अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश अमित कुमार ग्रोवर ने उसे भारतीय दंड संहिता की धारा 304 पार्ट-2 और मोटर वाहन अधिनियम की धारा 181 के तहत दोषी ठहराया।

हादसा 11 सितंबर 2023 को सुबह करीब 7:15 बजे हुआ था। 48 वर्षीय डॉ. लखविंदर सिंह अपने दोस्त सत्यजीत कुंद्रा के साथ सुखना लेक से साइकिल पर लौट रहे थे। इसी दौरान सेक्टर 16/17 लाइट पॉइंट के पास एक ऑटो ने पीछे से दोनों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े और ऑटो भी पलट गया। इस हादसे में ऑटो में बैठे यात्री भी घायल हुए थे। लखविंदर को पहले सेक्टर 16 के सरकारी मल्टी स्पेशियलिटी अस्पताल ले जाया गया, फिर मोहाली के मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां 28 सितंबर 2023 को उनकी मौत हो गई। सत्यजीत को भी चोटें आई थीं।

अदालत ने फैसले में हादसे के सीसीटीवी फुटेज को अहम सबूत माना। फुटेज में ऑटो दोनों साइकिल सवारों को पीछे से टक्कर मारता दिखाई दिया। इनमें से एक साइकिल सवार करीब 30 से 40 मीटर तक वाहन के साथ घिसटता रहा, जिसके बाद ऑटो फिसलकर पलट गया। अदालत ने कहा कि ऑटो की रफ्तार इतनी तेज थी कि चालक उस पर नियंत्रण नहीं रख पाया। बचाव पक्ष ने दलील दी थी कि साइकिल सवार साइकिल ट्रैक के बजाय मुख्य सड़क पर चल रहे थे, लेकिन अदालत ने इस तर्क को खारिज कर दिया। फुटेज में दोनों सड़क के बिल्कुल बाईं ओर साइकिल चलाते दिखे।

अदालत ने यह भी पाया कि सोनू बिना वैध लाइसेंस के कमर्शियल यात्री वाहन चला रहा था और उसमें तय क्षमता से ज्यादा लोग बैठे थे। हादसे में घायल एक यात्री ने गवाही दी कि उसने चालक को धीरे चलाने की सलाह दी थी, लेकिन उसने इस पर ध्यान नहीं दिया। अदालत के मुताबिक, इन परिस्थितियों से साफ था कि चालक को अपनी तेज और लापरवाही भरी ड्राइविंग से किसी की जान जाने का अंदेशा था। इसलिए मामला सिर्फ तेज और लापरवाही से वाहन चलाने का नहीं, बल्कि गैर इरादतन हत्या का बनता है।


चण्डीगढ़ और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. chandigarhvocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.