चंडीगढ़ न्यूज डेस्क: चंडीगढ़ में ट्रैफिक जाम से परेशान वाहन चालकों को जल्द राहत मिल सकती है। परमानेंट लोक अदालत ने प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस को निर्देश दिया है कि शहर के चौराहों पर रेड लाइट का समय 90 सेकेंड से ज्यादा नहीं होना चाहिए। यह नियम खास तौर पर उन सड़कों पर लागू करने को कहा गया है, जहां वाहनों की आवाजाही ज्यादा रहती है।
अदालत ने ट्रिब्यून चौक से सेक्टर-39 अनाज मंडी चौक तक सभी चौराहों पर रेड लाइट की टाइमिंग कम करने का निर्देश दिया है। साथ ही रात में ट्रैफिक कम होने पर सिग्नल बंद रखने या फ्लैशिंग मोड पर चलाने को कहा है। सुबह और शाम के पीक आवर्स में जाम से निपटने के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
यह फैसला चंडीगढ़ के एडवोकेट सुखविंदर सिंह की याचिका पर सुनाया गया है। प्रशासन और ट्रैफिक पुलिस ने भी अदालत के निर्देशों पर सहमति जताई है। अदालत ने ट्रैफिक पुलिस को 90 दिनों के भीतर कार्रवाई की रिपोर्ट पेश करने को कहा है। सुखविंदर सिंह ने 14 नवंबर 2024 को याचिका दायर कर बताया था कि शहर के कई गोल चक्करों पर ट्रैफिक लाइट लंबे समय तक लाल रहने से जाम लगता है। इससे लोगों को परेशानी के साथ वायु और ध्वनि प्रदूषण भी झेलना पड़ता है।
याचिका में यह भी कहा गया था कि रेड लाइट के दौरान वाहन चालकों को लंबे समय तक इंजन चालू रखना पड़ता है और कई लोग लगातार हॉर्न बजाते रहते हैं। इसलिए कुछ चौराहों पर सिग्नल का संचालन मैनुअल तरीके से करने या उनकी टाइमिंग घटाने की मांग की गई थी। सुखविंदर सिंह के मुताबिक, शहर में कुछ जगहों पर रेड लाइट 169 सेकेंड तक रहती है, जबकि कहीं यह समय सिर्फ 19 सेकेंड है। फिलहाल चंडीगढ़ के 105 चौराहों पर ट्रैफिक लाइटें लगी हैं। इनमें से 55 का संचालन आरआर इलेक्ट्रॉनिक्स, 10 का सैनिको इलेक्ट्रिकल्स और 40 का स्मार्ट सिटी लिमिटेड करती है। प्रशासन की ओर से अदालत में दिए गए जवाब के मुताबिक, अब तक करीब 19 लाख ई-चालान जारी किए जा चुके हैं।