चंडीगढ़ न्यूज डेस्क: जालंधर के भार्गव कैंप इलाके में महिला के साथ कथित बदसलूकी के मामले में पुलिस कमिश्नर ने एक एएसआई समेत तीन पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है। यह कार्रवाई उस घटना के बाद की गई, जिसमें पुलिस घरेलू विवाद के एक आरोपी को पकड़ने पहुंची थी।
बताया गया कि पुलिस टीम आरोपी युवक को उसके घर से सोते हुए पकड़कर बिना कपड़ों के ही बाहर गली में ले आई और उसके साथ मारपीट की। जब उसकी मां बीच-बचाव के लिए आगे आई, तो पुलिसकर्मियों ने महिला को बाल पकड़कर घसीटा और जबरन गाड़ी में बैठाने की कोशिश की। इस दौरान युवक ने भी विरोध में पुलिसकर्मी पर हाथ उठा दिया।
पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसकी फुटेज सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ गया। पंजाब राज्य महिला आयोग ने इस पर संज्ञान लेते हुए धनप्रीत कौर को निष्पक्ष जांच के निर्देश दिए हैं। आयोग ने 24 मार्च को संबंधित अधिकारियों को चंडीगढ़ स्थित कार्यालय में पेश होने को भी कहा है।
मामले में एएसआई प्रवीन कुमार की अगुवाई में टीम मौके पर पहुंची थी। थाना प्रभारी राजिंदर कुमार के अनुसार, घटना की जांच की जा रही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और शीतल अंगुराल के नेतृत्व में धरना भी दिया गया।