ताजा खबर

चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में पंखा बंद करने पर विवाद, रूममेट ने छात्र को चाकू से किए 4 वार

Photo Source : Google

Posted On:Friday, October 30, 2026

चंडीगढ़ न्यूज डेस्क: मोहाली के घड़ूआं स्थित चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में मंगलवार रात दो छात्रों के बीच मामूली बात पर शुरू हुआ विवाद चाकूबाजी तक पहुंच गया। पंखा बंद करने को लेकर हुई बहस के बाद एक छात्र ने अपने ही रूममेट पर चाकू से चार वार कर दिए। इस हमले में बीटेक फर्स्ट ईयर का छात्र आदित्य गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं, दोनों के बीच हुई हाथापाई में आरोपी छात्र अमनदीप को भी मामूली चोट आई।

घटना के बाद हॉस्टल में हंगामा मच गया। बड़ी संख्या में छात्र जमा हो गए और यूनिवर्सिटी मैनेजमेंट के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। हालात तनावपूर्ण होने की सूचना मिलते ही पुलिस की तीन टीमें मौके पर पहुंचीं और छात्रों को समझाकर शांत कराया।

पंखा बंद करने पर शुरू हुई बहस

घायल आदित्य झारखंड के बोकारो जिले का रहने वाला है और जाकिर-बी हॉस्टल के कमरा नंबर 1022 में रहता है। मंगलवार रात कमरे में पंखा चल रहा था। इसी दौरान उसका रूममेट अमनदीप कमरे में आया और उसने पंखा बंद कर दिया। गर्मी लगने पर आदित्य ने उसे दोबारा पंखा चलाने के लिए कहा। इसी बात पर दोनों के बीच बहस हो गई। इसके बाद आदित्य अपने बेड पर जाकर लेट गया।

चाकू से किए चार वार, आरोपी फरार

आरोप है कि कुछ देर बाद अमनदीप चाकू लेकर आया और आदित्य पर हमला कर दिया। उसने आदित्य की पीठ, बाईं बाजू, दाईं टांग और बाईं टांग पर वार किए। हमले में आदित्य गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों के बीच हाथापाई भी हुई, जिसमें अमनदीप को मामूली चोट आई। घायल आदित्य को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके बयान दर्ज कर आरोपी अमनदीप के खिलाफ धारा 115(2), 118(3) और 351(3) के तहत केस दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी फरार है।

रात करीब डेढ़ बजे तक छात्रों को हॉस्टल भेजा

खरड़ के डीएसपी ईशान सिंगला ने बताया कि पुलिस को मंगलवार रात करीब 11:30 बजे यूनिवर्सिटी में दो रूममेट छात्रों के बीच झगड़े की सूचना मिली थी। घटना की खबर ब्यास हॉस्टल में फैलते ही बड़ी संख्या में छात्र जमा हो गए। हालात संभालने के लिए पुलिस ने तीन टीमें लगाईं, जिनमें तीन एसपी, दो डीएसपी और 11 एसएचओ शामिल थे। पुलिस के मौके पर पहुंचने पर हॉस्टल के बाहर काफी संख्या में छात्र मौजूद थे और उनमें गुस्सा था। पुलिस ने करीब 15 मिनट में स्थिति संभाल ली और समझाने के बाद रात करीब डेढ़ बजे तक सभी छात्रों को उनके हॉस्टल भेज दिया।

सुबह 4 बजे तक तैनात रही पुलिस

डीएसपी के मुताबिक, घटना के बाद पुलिस की टीमें बुधवार सुबह 4 बजे तक यूनिवर्सिटी परिसर में तैनात रहीं। इस दौरान इलाके में गश्त भी की गई, ताकि दोबारा कोई तनाव न हो। पुलिस ने कहा है कि झगड़े में शामिल दोनों छात्रों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यूनिवर्सिटी में माहौल शांतिपूर्ण है।


चण्डीगढ़ और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. chandigarhvocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.