चंडीगढ़ न्यूज डेस्क: चंडीगढ़ के सेक्टर-9 में प्रॉपर्टी डीलर चिन्नी की हत्या के मामले में कैथल से पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ में कई अहम खुलासे हुए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शूटरों ने वारदात से पहले तीन-चार दिनों तक चिन्नी की लगातार रेकी की थी और उसकी हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही थी।
जांच के दौरान पता चला कि आरोपी न्यू चंडीगढ़ तक चिन्नी का पीछा करते हुए पहुंचे थे, जहां एक कार वॉशिंग सेंटर पर उसकी फॉर्च्यूनर गाड़ी मिली, लेकिन वह वहां मौजूद नहीं था। मौका नहीं मिलने पर आरोपी वापस लौट गए और बाद में सुनियोजित तरीके से हत्या की वारदात को अंजाम दिया।
मुठभेड़ में घायल दोनों आरोपियों को इलाज के लिए पीजीआई में भर्ती कराया गया है, जहां कड़ी सुरक्षा के बीच उनसे पूछताछ जारी है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह पूरी साजिश गैंगस्टर लक्की पटियाल के इशारे पर रची गई थी।
पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि आरोपियों को पहले से इनपुट दिया गया था कि चिन्नी अक्सर जिम या अपने ऑफिस में मिलता है। इसी आधार पर वे उसकी मूवमेंट ट्रैक कर रहे थे। वारदात से पहले दोनों आरोपी तीन दिन तक कजहेड़ी इलाके के एक होटल में ठहरे रहे, जहां उन्होंने पूरी योजना तैयार की थी।