चंडीगढ़ न्यूज डेस्क: हरियाणा भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बडौली और गायक जय भगवान उर्फ रॉकी मित्तल पर दिल्ली की रहने वाली एक महिला ने गैंगरेप का आरोप लगाया है। पीड़िता ने 13 दिसंबर, 2024 को कसौली थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसमें उसने आरोप लगाया कि 3 जुलाई, 2023 को उसे सरकारी नौकरी और एलबम में अभिनेत्री बनाने का झांसा देकर कसौली के एक होटल में दुष्कर्म किया गया।
पुलिस ने मामले में धारा 376डी (गैंगरेप) और 506 (जान से मारने की धमकी) के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सोलन के एसपी गौरव सिंह के अनुसार, महिला का आरोप है कि दोनों आरोपियों ने उसे जबरन शराब पिलाई, दुष्कर्म किया और उसकी अश्लील फोटो और वीडियो बनाई। पीड़िता का कहना है कि इन तस्वीरों और वीडियो के आधार पर उसे बार-बार धमकाया गया और चुप रहने के लिए मजबूर किया गया।
महिला ने शिकायत में कहा कि वह 3 जुलाई, 2023 को अपनी सहेली के साथ कसौली घूमने आई थी। होटल में ठहरने के दौरान बडौली और मित्तल से उनकी मुलाकात हुई। आरोपियों ने बातचीत के बहाने उन्हें अपने कमरे में बुलाया। वहां उन्होंने उसे शराब ऑफर की, जिसे मना करने के बावजूद उसे जबरन पिलाई गई। इसके बाद आरोपियों ने उसके साथ छेड़छाड़ और फिर दुष्कर्म किया।
पीड़िता का आरोप है कि उसके इनकार और विरोध के बावजूद आरोपियों ने उसकी सहेली को धमकाकर अलग बैठा दिया और बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपियों ने उसे बार-बार डराया और पंचकूला बुलाकर झूठे मामलों में फंसाने की धमकी दी। पीड़िता ने पुलिस से आरोपियों के पास मौजूद अश्लील वीडियो और तस्वीरें डिलीट करवाने की अपील की है।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित जांच शुरू कर दी है। पीड़िता को कई बार निशानदेही के लिए बुलाया गया है, जबकि आरोपियों को भी पूछताछ के लिए समन भेजा गया है। मामले में पुलिस द्वारा जल्द से जल्द तथ्यों को सामने लाने के प्रयास किए जा रहे हैं।