चंडीगढ़ न्यूज डेस्क: चंडीगढ़ गोल्फ क्लब में बुधवार को जीबी रियल्टी चंडीगढ़ गोल्फ लीग (सीजीएल) 2026 का आधिकारिक आगाज हुआ। इस सीजन में 24 टीमें और 384 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। टूर्नामेंट 3 से 30 अक्टूबर तक चंडीगढ़ गोल्फ क्लब के मैदान पर चलेगा, जिसमें 18 मैच डे के दौरान कुल 68 मुकाबले खेले जाएंगे।
इस बार लीग की इनामी राशि भी बढ़ाई गई है। टॉप-8 टीमों के बीच कुल 40 लाख रुपये तक का पुरस्कार दिया जाएगा। चंडीगढ़ गोल्फ क्लब के अध्यक्ष मेजर आरएस विर्क ने बताया कि 2022 में शुरुआत के समय लीग में 20 टीमें और 360 गोल्फर थे, जबकि इस साल ऑक्शन के लिए 500 से ज्यादा गोल्फरों ने रजिस्ट्रेशन कराया है। उनके मुताबिक, लीग के जरिए क्लब के सदस्यों में प्रतिस्पर्धी गोल्फ को लेकर रुचि बढ़ी है और नए खिलाड़ियों को भी आगे आने का मौका मिला है।
इस साल लीग के फॉर्मेट में भी बदलाव किया गया है। मैच प्ले का तरीका बरकरार रखते हुए अब हर मुकाबले की स्कोरिंग स्टेबलफोर्ड सिस्टम से होगी। सिंगल्स में किसी होल पर जिस खिलाड़ी का स्टेबलफोर्ड स्कोर ज्यादा होगा, वह होल जीतेगा। अगर दोनों खिलाड़ी कोई पॉइंट हासिल नहीं कर पाते हैं तो होल बराबर रहेगा। पेयर मुकाबलों में दोनों खिलाड़ियों के स्टेबलफोर्ड स्कोर को जोड़कर विरोधी जोड़ी के स्कोर से तुलना की जाएगी। अगर चारों खिलाड़ी किसी होल पर पॉइंट नहीं बना पाते, तो कम ग्रॉस स्कोर वाली जोड़ी को होल मिलेगा।
लीग के चेयरमैन अतुल सचदेव ने कहा कि हर सीजन के साथ सीजीएल का विस्तार हुआ है और 2026 का फॉर्मेट अब तक का सबसे बड़ा है। चार ग्रुप और 68 मुकाबलों के साथ टीमों को पूरे टूर्नामेंट में लगातार मुकाबले खेलने का मौका मिलेगा। वहीं मेजर आरएस विर्क ने बताया कि नई कमेटी के तहत यह पहला सीजीएल है और इसे ज्यादा टीमों, ज्यादा मैच डे और बड़े इनामी पूल के साथ आयोजित किया जा रहा है।