चंडीगढ़ न्यूज डेस्क: चंडीगढ़ में रविवार से फिर मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। सुबह से ही बादलों की आवाजाही के बीच हल्की बारिश शुरू हो गई है। मौसम विभाग ने रविवार और सोमवार को भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है और ओरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। इससे कुछ निचले इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।
मौसम केंद्र के निदेशक सुरिंदर पॉल ने बताया कि आने वाले दो दिन मौसम खराब रहेगा और कुछ क्षेत्रों में 7 से 12 सेंटीमीटर या उससे भी अधिक वर्षा हो सकती है। 9 जुलाई तक बारिश की रफ्तार बनी रहेगी। लोगों को सतर्क रहने और जरूरत न हो तो यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।
शनिवार को अधिकतम तापमान 33.8°C और न्यूनतम तापमान 28.3°C दर्ज हुआ। बारिश के चलते तापमान में मामूली गिरावट तो आई है लेकिन उमस बरकरार है। शनिवार तक 24 घंटे में 23.7 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई है, जबकि पूरे सीजन में अब तक 316.8 मिमी मानसूनी बारिश हो चुकी है।
मनीमाजरा, पंचकूला और शहर के अन्य हिस्सों में भी बारिश देखी गई। मौसम विभाग ने खासतौर पर जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने और आपात सेवाओं के नंबर अपने पास रखने की सलाह दी है। साथ ही नगर निगम को भी अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए गए हैं।