चंडीगढ़ न्यूज डेस्क: चंडीगढ़ के स्कूल शिक्षा विभाग ने हरियाणा से स्कूल कैडर के शिक्षकों की मांग की है। ये सभी नियुक्तियां केवल डेपुटेशन के आधार पर होंगी। हरियाणा के उच्चतर शिक्षा विभाग ने प्रदेश के सभी DEO और DIET प्रिंसिपल को इस बारे में पत्र भेजकर सूचित किया है।
चंडीगढ़ प्रशासन के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी को पूरा करने के लिए UT डायरेक्टर स्कूल एजुकेशन ने हरियाणा के प्रिंसिपल सेक्रेटरी को पत्र लिखकर स्कूल कैडर के टीचरों की मांग की है। चंडीगढ़ में स्कूल कैडर के लेक्चरर की स्थायी नियुक्ति लंबे समय से नहीं हुई है, जिसके कारण वहां इस पद पर गंभीर कमी बनी हुई है।
UT ने हरियाणा से PGT इंग्लिश, राजनीति विज्ञान, संस्कृत और लेखाशास्त्र के लेक्चरर मांगे हैं। हालांकि पत्र में यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि कितने शिक्षक चंडीगढ़ भेजे जाएंगे।
डेपुटेशन पर चंडीगढ़ जाने वाले इच्छुक शिक्षकों से आवेदन मांगे गए हैं। आवेदन के साथ बीते 5 वर्षों का विस्तृत ACR, नियमित नियुक्ति की तिथि, कोई शिकायत या जांच लंबित नहीं होने का प्रमाण पत्र, सत्यनिष्ठ प्रमाण पत्र, विजिलेंस क्लियरेंस सर्टिफिकेट, मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी सहित प्रोफार्मा भरकर मुख्यालय को भेजने के निर्देश दिए गए हैं।