चंडीगढ़ न्यूज डेस्क: इंदौर से चंडीगढ़ जाने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। 14 जुलाई से इंदौर-चंडीगढ़ रूट पर इंडिगो एयरलाइंस रोजाना उड़ान शुरू करने जा रही है। अभी तक यह सेवा सप्ताह में सिर्फ तीन दिन ही मिलती थी। यात्रियों की बढ़ती संख्या और पर्यटक स्थलों जैसे शिमला-मनाली की लोकप्रियता को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
नई नियमित उड़ान का बेसिक किराया लगभग 5000 रुपये तय किया गया है। एयरलाइन ने बुकिंग भी शुरू कर दी है। इससे पहले इंडिगो सप्ताह में तीन दिन जम्मू और तीन दिन चंडीगढ़ के लिए उड़ानें चलाती थी, लेकिन अब जम्मू की फ्लाइट को बंद कर दिया गया है।
जम्मू फ्लाइट के अचानक बंद होने से अमरनाथ यात्रा पर जाने वाले यात्रियों में हैरानी है, क्योंकि इंदौर से कई लोग जम्मू होकर श्रीनगर जाते हैं। इसके बावजूद कंपनी ने यह उड़ान फिलहाल रोक दी है और चंडीगढ़ रूट को प्राथमिकता दी है।
फिलहाल इंदौर एयरपोर्ट से 80 से अधिक उड़ानें संचालित होती हैं और यह देश के 30 से अधिक शहरों से जुड़ा है। दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और पुणे के लिए इंदौर से सबसे ज्यादा हवाई यातायात रहता है।