चंडीगढ़ न्यूज डेस्क: चंडीगढ़ से सटे पंजाब के कांसल गांव में बुधवार देर रात एक तेज रफ्तार थार कार ने सड़क पर कोहराम मचा दिया। बताया जा रहा है कि कार के चालक ने पहले गाय को टक्कर मारी, फिर साइकिल सवार को और उसके बाद एक्टिवा चालक को भी रौंद दिया। हादसा इतना भयावह था कि साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक्टिवा सवार गंभीर रूप से घायल हो गया।
यह दुर्घटना रात करीब साढ़े 12 बजे कांसल से कैंबवाला रोड पर हुई। चश्मदीदों का कहना है कि थार चला रहा युवक शराब के नशे में था। पुलिस जांच में आरोपी की पहचान सुखना एनक्लेव निवासी मुकुल खत्री के रूप में हुई है, जो पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में जूनियर वकील है। हादसे के दौरान थार ने साइकिल को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि वह वाहन के अगले हिस्से में फंस गई और काफी दूरी तक घिसटती चली गई।
कुछ दूर जाने के बाद जब थार बंद हो गई, तो गुस्साई भीड़ ने मौके पर आरोपी चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। वह उस समय पूरी तरह नशे में था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल एक्टिवा सवार को सेक्टर-16 के अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है।
घटनास्थल पर चारों ओर साइकिल और एक्टिवा के टुकड़े बिखरे पड़े थे। बताया गया कि यह इलाका विधानसभा और सिविल सचिवालय के पीछे का हिस्सा है, जहां रात में सन्नाटा रहता है। तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते एक के बाद एक तीन टक्करें हुईं, जिससे सड़क पर अफरातफरी मच गई। पुलिस ने थार को जब्त कर मुकदमा दर्ज कर लिया है।