चंडीगढ़ न्यूज डेस्क: आज दोपहर 12:21 बजे पंजाब और चंडीगढ़ समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में भूकंप के झटकों ने लोगों को हिला दिया। जैसे ही जमीन हिली, लोग अपने घरों और दफ्तरों से बाहर निकल आए। गनीमत रही कि इस झटके के कारण किसी तरह की जान या माल की हानि की कोई खबर सामने नहीं आई है, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।
जानकारी के मुताबिक इस भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान रहा, जहां से कंपन की शुरुआत हुई। भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.9 मापी गई। भूकंप के झटके कुछ सेकेंड तक महसूस किए गए, लेकिन इतनी देर में ही लोगों के बीच डर का माहौल बन गया।
पंजाब और चंडीगढ़ के अलावा जम्मू-कश्मीर और पाकिस्तान में भी इस भूकंप के झटकों को महसूस किया गया। भूकंप का असर सीमावर्ती इलाकों में भी देखा गया, जहां लोगों ने खुले स्थानों पर शरण ली। फिलहाल प्रशासन सतर्क है और स्थिति पर नजर रखे हुए है।