चंडीगढ़ न्यूज डेस्क: चंडीगढ़ के इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 में रविवार सुबह एक इलेक्ट्रिकल शोरूम में भीषण आग लगने से भारी नुकसान हो गया। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसमान में धुएं के गुबार छा गए। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 10:35 बजे प्लॉट नंबर 406 स्थित शोरूम में आग भड़क उठी। सूचना मिलते ही सेक्टर-32, राम दरबार और इंडस्ट्रियल एरिया फायर स्टेशन से दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। कुल चार से अधिक दमकल गाड़ियों की मदद से घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग बुझाने के लिए हाइड्रोलिक मशीनों का भी इस्तेमाल किया गया।
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, शोरूम में मौजूद बैटरी, इन्वर्टर और अन्य केमिकल सामान के कारण आग तेजी से फैल गई। साथ ही प्लास्टिक से बने इलेक्ट्रिकल सामान की अधिकता ने आग बुझाने के काम को और मुश्किल बना दिया।
फिलहाल शोरूम मालिकों द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि आग लगने के सटीक कारणों की विस्तृत जांच की जाएगी। उल्लेखनीय है कि इससे कुछ दिन पहले सेक्टर-22 के मोबाइल मार्केट में भी भीषण आग लगी थी, जिसमें कारोबारियों को भारी नुकसान हुआ था, हालांकि वहां भी कोई जनहानि नहीं हुई।