चंडीगढ़ न्यूज डेस्क: केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने चंडीगढ़ स्मार्ट सिटी लिमिटेड (CSCL) और नगर निगम चंडीगढ़ के IDFC फर्स्ट बैंक खातों से कथित 657 करोड़ रुपये के गबन मामले में चंडीगढ़ और लुधियाना समेत पांच स्थानों पर छापेमारी की है। जांच एजेंसी ने इस दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य बरामद किए हैं।
सीबीआई के अनुसार, कार्रवाई संदिग्ध लाभार्थियों, चंडीगढ़ स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अधिकारी अनुभव मिश्रा और जांच से जुड़े निजी संस्थानों के परिसरों पर की गई। तलाशी के दौरान डिजिटल स्टोरेज डिवाइस, डिजिटल सिग्नेचर, संपत्ति से जुड़े दस्तावेज, वित्तीय रिकॉर्ड, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य अहम दस्तावेज जब्त किए गए हैं।
यह मामला पहले हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की जांच में था, जिसे राज्य सरकार के अनुरोध पर सीबीआई ने अपने हाथ में लिया। आरोप है कि चंडीगढ़ के सेक्टर-32 स्थित IDFC फर्स्ट बैंक शाखा में फर्जी या अस्तित्वहीन फिक्स्ड डिपॉजिट और धोखाधड़ी वाले डेबिट लेनदेन के जरिए सरकारी धन का गबन किया गया। बाद में इस रकम को शेल कंपनियों के माध्यम से इधर-उधर भेजा गया।
सीबीआई के मुताबिक, इस घोटाले से हरियाणा सरकार को 504 करोड़ रुपये और चंडीगढ़ प्रशासन को 153 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ, जिससे कुल राशि 657 करोड़ रुपये हो गई।
जांच एजेंसी इस मामले में पहले ही कई चार्जशीट दाखिल कर चुकी है और तीन वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को भी गिरफ्तार कर चुकी है। मामले की जांच जारी है।