चंडीगढ़ न्यूज डेस्क: चंडीगढ़ के सेक्टर-11 स्थित एक प्रसिद्ध मेडिकल स्टोर के कैशियर की 13 जून को दिनदहाड़े हुई हत्या के मामले को चंडीगढ़ पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में दो कथित शूटरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान सनी मेहरा और आर्यन शर्मा के रूप में हुई है। दोनों को जम्मू से गिरफ्तार किया गया, जहां वे गिरफ्तारी से बचने के लिए छिपे हुए थे।
पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) पुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि घटना के तुरंत बाद एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था। जांच में सामने आया कि हत्या के बाद आरोपी चंडीगढ़ से बस के जरिए दिल्ली पहुंचे और फिर वहां से ट्रेन पकड़कर जम्मू चले गए। एसआईटी ने तकनीकी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उनकी लोकेशन ट्रैक कर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों को जम्मू से चंडीगढ़ लाया जा रहा था, तभी पुलिस वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दौरान दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर एक हथियार छीनकर भागने की कोशिश की। पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने दो राउंड फायरिंग की, जिसके जवाब में पुलिस ने चार राउंड फायर किए। इस मुठभेड़ में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने बताया कि सनी मेहरा ने ही कैशियर जानकी दास पर घातक गोली चलाई थी। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है। वहीं, मामले से जुड़े कथित धमकी भरे ऑडियो क्लिप की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। गौरतलब है कि 13 जून को सेक्टर-11 के व्यस्त बाजार में स्थित मेडिकल स्टोर के अंदर घुसकर हमलावरों ने कैशियर जानकी दास की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थी।