चंडीगढ़ न्यूज डेस्क: चंडीगढ़ के सेक्टर-41डी की राधे मार्केट में वीरवार रात पुरानी रंजिश के चलते 17 साल के मुकेश की जान चली गई। बताया जा रहा है कि 15 से 20 युवकों ने उस पर और उसके दोस्त सूरज पर चाकू और अन्य धारदार हथियारों से हमला किया। मुकेश की पीठ पर गंभीर चोट आई थी। दोनों को इलाज के लिए सेक्टर-16 के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन मुकेश को बचाया नहीं जा सका। वहीं, सूरज को मामूली चोटें आई हैं।
रामलीला के दौरान हुआ था विवाद
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, मुकेश और हमलावरों के बीच तीन-चार दिन पहले सेक्टर-41 में रामलीला के दौरान कहासुनी हुई थी। इसी विवाद के बाद हमला किए जाने की आशंका है। जानकारी के अनुसार, हमलावर नौ से दस मोटरसाइकिलों पर सवार होकर राधे मार्केट पहुंचे थे। वहां मुकेश और उसके दोस्त पर धारदार हथियारों से हमला करने के बाद सभी मौके से फरार हो गए।
सेक्टर-52 के युवकों पर शक, छापेमारी जारी
पुलिस को इस मामले में सेक्टर-52 कॉलोनी के कुछ युवकों के शामिल होने का शक है। उनकी पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए अलग-अलग जगहों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देख रही है, ताकि हमले से जुड़ी जानकारी मिल सके। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फिलहाल मामले की जांच जारी है।