चंडीगढ़ न्यूज डेस्क: चंडीगढ़ के सेक्टर-26 स्थित एक क्लब के बाहर शनिवार शाम मर्सिडीज एसयूवी से तीन युवकों को टक्कर मारने के मामले में पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान 18 वर्षीय अखिल के रूप में हुई है, जो हरियाणा के फरीदाबाद का रहने वाला है और अपने रिश्तेदारों से मिलने पंचकूला आया था।
पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता 18 वर्षीय एलायंसप्रीत (अलीसप्रीत), जो संगरूर का निवासी है और नीट (NEET) की तैयारी के लिए सेक्टर-44 में रह रहा है, अपने दोस्त के साथ सेक्टर-26 स्थित ला वेला क्लब गया था। शाम करीब 5 बजे क्लब से बाहर निकलते समय मर्सिडीज ने उसके पैर में टक्कर मार दी, जिसके बाद चालक से उसकी कहासुनी हो गई। एलायंसप्रीत ने कार का रजिस्ट्रेशन नंबर नोट कर लिया। इसी दौरान किसी ने कार के शीशे पर पत्थर मार दिया, जिससे वह क्षतिग्रस्त हो गया।
एफआईआर के मुताबिक, करीब 15 मिनट बाद आरोपी अपनी कार का नंबर प्लेट ढककर दोबारा मौके पर पहुंचा। उसने पहले एलायंसप्रीत को टक्कर मारी और फिर कार रिवर्स करते हुए एक अन्य छात्र को कुचल दिया। मौके से भागने के दौरान उसने तीसरे युवक को भी टक्कर मार दी। घायल अन्य दो युवकों की पहचान बापूधाम कॉलोनी निवासी अमजद और पंचकूला निवासी अक्षित के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 (लापरवाही से वाहन चलाना) और धारा 125(ए) (दूसरों की जान या सुरक्षा को खतरे में डालना) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि आरोपी 18 वर्ष से अधिक उम्र का है और नाबालिग नहीं है।