चंडीगढ़ न्यूज डेस्क: श्रीखंड महादेव यात्रा के दौरान इस साल की पहली दुखद घटना सामने आई है। चंडीगढ़ निवासी 33 वर्षीय अभय अपने चचेरे भाई के साथ यात्रा पर निकले थे, लेकिन दर्शन के बाद लौटते समय उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। पार्वती बाग के पास उनकी हालत खराब हुई, जहां से रेस्क्यू टीम ने उन्हें भीमडवारी लाया और प्राथमिक उपचार दिया। हालांकि हालत में थोड़ा सुधार होने के बाद भी वे रास्ते में ही दम तोड़ बैठे।
डीएसपी आनी चंद्रशेखर कायथ के अनुसार, अभय को निरमंड अस्पताल ले जाया जा रहा था, मगर रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। उनका शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है। श्रीखंड महादेव यात्रा, जो 10 जुलाई से शुरू हुई थी, में यह पहली मौत दर्ज हुई है।
यह यात्रा हर साल श्रद्धालुओं के लिए कठिन और जोखिम भरी मानी जाती है। खतरनाक रास्तों, ऑक्सीजन की कमी और कड़ाके की ठंड के चलते अब तक 2014 से 42 यात्रियों की जान जा चुकी है। सबसे ज्यादा मौतें युवाओं की हुई हैं। पिछले साल भी इसी यात्रा में 5 श्रद्धालुओं की मौत और कई जगह भूस्खलन के चलते यात्रा बीच में ही रोकनी पड़ी थी।