चंडीगढ़ न्यूज डेस्क: गर्मी का कहर अब लोगों को बुरी तरह सताने लगा है। दोपहर के वक्त शहर की सड़कों पर सन्नाटा सा छा जाता है, लोग धूप से बचने के लिए घरों में ही रहना पसंद कर रहे हैं। सिर्फ इंसान ही नहीं, जानवर और पक्षी भी गर्मी से बेहाल हैं। रविवार को अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से 3.3 डिग्री ज्यादा रहा। वहीं न्यूनतम तापमान भी 28.9 डिग्री रहा, जो औसत से 2.5 डिग्री अधिक है।
आने वाले दिनों में मौसम कुछ खास राहत नहीं देने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार तापमान 41 से 42 डिग्री के बीच बना रहेगा और 9 जून से दिन और रात दोनों ही बेहद गर्म रहेंगे। इसी को देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट भी जारी कर दिया है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे बहुत जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलें और धूप से बचाव के उपाय जरूर करें।
गर्मी से परेशान लोगों की मदद के लिए कई समाजसेवी संस्थाएं आगे आई हैं। शहर के कई चौराहों और गलियों में ठंडे पानी की छबीलें लगाई जा रही हैं, ताकि राहगीरों को थोड़ी राहत मिल सके। बावजूद इसके रविवार को छुट्टी का दिन होने के बाद भी सुखना लेक और शहर के प्रमुख बाजारों में भीड़ काफी कम देखी गई। लोगों ने शाम का वक्त मॉल्स में बिताना ज्यादा बेहतर समझा, क्योंकि बाहर गर्म हवाएं लगातार परेशान कर रही थीं।
13 और 14 जून को मौसम में थोड़ा बदलाव हो सकता है। इन दोनों दिनों में तेज बारिश की संभावना है और इसके साथ ही बिजली गिरने का भी खतरा जताया गया है। हवाएं करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। मौसम विभाग ने इस दौरान लोगों से अपील की है कि वे सुरक्षित स्थानों पर रहें और मौसम के अचानक बदलने पर सतर्क रहें।