चंडीगढ़ न्यूज डेस्क: चंडीगढ़ के पीजीआई अस्पताल में डॉक्टरों ने एक अनोखा कारनामा कर दिखाया है। जम्मू-कश्मीर पुलिस के हेड कांस्टेबल सुनील कुमार, जिनकी लंबाई 7 फीट 7 इंच है, उनके दिमाग का जटिल ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया गया। सुनील को ‘जम्मू के ग्रेट खली’ के नाम से भी जाना जाता है और उन्होंने बॉलीवुड फिल्म ‘स्त्री 2’ में भी अभिनय किया है। उन्हें Gigantism नाम की एक दुर्लभ बीमारी है, जिसमें शरीर जरूरत से ज्यादा ग्रोथ हार्मोन बनाता है, जिससे उनकी लंबाई असामान्य रूप से बढ़ गई।
सुनील पीजीआई के इतिहास में अब तक के सबसे लंबे मरीज हैं। उनकी लंबाई ऑपरेशन टेबल से भी 14 इंच ज्यादा थी, जिससे ऑपरेशन करना चुनौतीपूर्ण हो गया। इस मुश्किल का समाधान निकालते हुए डॉक्टरों ने नर्सिंग ट्रॉली को ऑपरेशन टेबल से जोड़कर उसकी लंबाई 8 फीट 5 इंच कर दी। इससे सुनील आराम से लेट पाए और ऑपरेशन बिना किसी बड़ी रुकावट के हो सका।
Gigantism की वजह से सुनील की हड्डियां बेहद मजबूत और मोटी हो गई थीं, जिससे सर्जरी के दौरान डॉक्टरों को काफी ताकत लगानी पड़ी। यहां तक कि एक ड्रिलिंग उपकरण भी टूट गया। इसके अलावा उनकी सांस की नली का आकार भी सामान्य से बड़ा था, जिससे ऐनस्थीसिया देना मुश्किल हो गया। डॉक्टरों ने आधुनिक वीडियो तकनीक की मदद से इस चुनौती से पार पाया और अंततः ऑपरेशन सफल रहा।
यह सर्जरी डॉक्टर राजेश छाबड़ा और डॉक्टर अपिंदरप्रीत सिंह की टीम ने मिलकर की। उन्होंने सुनील के पिट्यूटरी ग्रंथि से ट्यूमर को निकाला। डॉक्टर छाबड़ा ने बताया कि उन्होंने एक्रोमिगेली के सैकड़ों केस देखे हैं, लेकिन Gigantism जैसी बीमारी बेहद दुर्लभ है। सुनील न केवल पुलिस सेवा में हैं बल्कि फिल्म ‘कल्कि’ में अमिताभ बच्चन के बॉडी डबल के रूप में भी काम कर चुके हैं। ऑपरेशन के बाद उन्होंने कहा कि अब वो पूरी तरह स्वस्थ हैं और पीजीआई का धन्यवाद करते हैं।