चंडीगढ़ न्यूज डेस्क: चंडीगढ़ के सुखना लेक पर 27 मार्च से दो दिवसीय एयर शो की शानदार शुरुआत हो गई है। भारतीय वायुसेना की सूर्यकिरण टीम ने आसमान में जबरदस्त करतब दिखाते हुए दर्शकों का दिल जीत लिया। फाइटर जेट्स ने हवा में डायमंड और अंग्रेजी अक्षर ‘A’ की आकृति बनाई, साथ ही तिरंगा बनाकर देशभक्ति का रंग भी बिखेरा।
एयर शो देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में चीफ सेक्रेटरी राजेश प्रसाद शामिल हुए। शो के लिए बिना प्री-बुकिंग एंट्री नहीं दी गई और इस दौरान सुखना लेक को आम लोगों के लिए बंद रखा गया। सुरक्षा के लिहाज से NDRF की टीम भी तैनात रही, जो आसमान में उड़ने वाले पक्षियों पर नजर रख रही थी।
इस एयर शो में चंडीगढ़ के विंग कमांडर तेजेश्वर सिंह और दिवाकर शर्मा भी शामिल रहे। खास बात यह रही कि तेजेश्वर सिंह, जो आर्मी पब्लिक स्कूल चंडी मंदिर के 2005 बैच के छात्र रहे हैं, उन्होंने सूर्यकिरण एरोबैटिक टीम को लीड किया। उनके साथ फ्लाइट लेफ्टिनेंट कमल संधू भी टीम का हिस्सा रहे।
सुबह हल्की बूंदाबांदी के बावजूद शो पर कोई असर नहीं पड़ा। प्रशासन की ओर से दर्शकों के बैठने की व्यवस्था खुले में ही की गई थी, जहां लोगों ने पूरे उत्साह के साथ इस भव्य आयोजन का आनंद लिया।