ताजा खबर

चंडीगढ़ में आज से शुरू होगी ‘भारत टैक्सी’, ड्राइवरों से नहीं लिया जाएगा कमीशन

Photo Source : Google

Posted On:Friday, September 18, 2026

चंडीगढ़ न्यूज डेस्क: चंडीगढ़ में शुक्रवार से कोऑपरेटिव राइड-हेलिंग सर्विस ‘भारत टैक्सी’ की शुरुआत होने जा रही है। सेक्टर-9 स्थित नए यूटी सचिवालय भवन में आयोजित कार्यक्रम में इसका उद्घाटन किया जाएगा। केंद्रीय सहकारिता और नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल और केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। डिजिटल लॉन्च के बाद भारत टैक्सी के वाहनों को हरी झंडी दिखाकर चंडीगढ़ में सेवा की शुरुआत की जाएगी।

भारत टैक्सी की लॉन्चिंग ऐसे समय हो रही है, जब चंडीगढ़ प्रशासन ने कुछ दिन पहले ओला, उबर, रैपिडो और इनड्राइव जैसी प्रमुख ऐप आधारित कैब और बाइक टैक्सी कंपनियों के एग्रीगेटर लाइसेंस छह महीने के लिए निलंबित कर दिए हैं। स्टेट ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी ने यह कार्रवाई टैक्सी और कैब ड्राइवरों के करीब 100 दिनों से चल रहे विरोध प्रदर्शन के बीच की है। ड्राइवर पिछले दो हफ्तों से भूख हड़ताल भी कर रहे हैं।

भारत टैक्सी को पहली बार 2 दिसंबर 2025 को नई दिल्ली में शुरू किया गया था। यह कोऑपरेटिव मॉडल पर आधारित प्लेटफॉर्म है, जिसमें ड्राइवरों को सिर्फ सर्विस देने वाला नहीं, बल्कि सिस्टम में हिस्सेदार बनाने का उद्देश्य रखा गया है। इसमें ड्राइवरों से कोई कमीशन नहीं लिया जाता और किराए की रकम सीधे उनके बैंक खाते में ट्रांसफर होती है। ऐप में कंपनी वॉलेट की व्यवस्था नहीं है और सर्ज प्राइसिंग भी नहीं होगी। अधिकारियों के मुताबिक, भारत टैक्सी का किराया कई मौजूदा राइड-हेलिंग सेवाओं की तुलना में 30 प्रतिशत तक कम हो सकता है।

प्लेटफॉर्म में यात्रियों की सुरक्षा पर भी जोर दिया गया है। ऐप के हेल्प एंड सपोर्ट सेक्शन से शिकायत दर्ज की जा सकती है, जबकि महिला यात्री ‘बाइक दीदी’ फीचर के जरिए महिला ड्राइवर चुन सकती हैं। इस प्लेटफॉर्म से अब तक 150 से ज्यादा महिला ड्राइवर जुड़ चुकी हैं। इसमें आसान बुकिंग, रियल टाइम वाहन ट्रैकिंग और यात्रियों के लिए दुर्घटना व बीमा कवर जैसी सुविधाएं भी हैं। दिल्ली और चंडीगढ़ के बाद भारत टैक्सी को जयपुर और राजकोट जैसे शहरों में भी शुरू किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों तक इस सेवा को पहुंचाने की तैयारी भी चल रही है। भारत टैक्सी ऐप एंड्रॉयड और आईओएस दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है।


चण्डीगढ़ और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. chandigarhvocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.