चंडीगढ़ न्यूज डेस्क: चंडीगढ़ पुलिस पर रिश्वतखोरी का बड़ा आरोप लगा है। सीबीआई ने एफआईआर दर्ज करने के बदले रिश्वत मांगने के मामले में बापूधाम पुलिस चौकी के प्रभारी इंस्पेक्टर सुरेश कुमार और एएसआई भगत सिंह को 2.50 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।
यह कार्रवाई सेक्टर-13 निवासी सुखजीत सिंह की शिकायत पर की गई। उनकी सेक्टर-26 में ज्वेलरी की दुकान है। स्टॉक और नकदी का मिलान करने पर करीब 250 ग्राम सोना, 10 किलोग्राम चांदी और बड़ी रकम गायब मिली। शिकायत के मुताबिक, दुकान की मैनेजर रेशमा उर्फ रानी कई बार सीसीटीवी में कैश काउंटर से नकदी चोरी करती नजर आई थी। इसके बाद 27 मई को चोरी की शिकायत चंडीगढ़ पुलिस पोर्टल पर दर्ज कराई गई, जिसकी जांच बापूधाम पुलिस चौकी को सौंपी गई।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि जांच एएसआई भगत सिंह कर रहे थे, लेकिन उन्होंने कहा कि एफआईआर दर्ज करने का फैसला चौकी प्रभारी इंस्पेक्टर सुरेश कुमार करेंगे। कई बार मिलने के बावजूद एफआईआर दर्ज नहीं की गई। आरोप है कि 18 जुलाई को इंस्पेक्टर ने एफआईआर दर्ज करने के बदले 5 लाख रुपये और चोरी का सामान मिलने पर उसकी कीमत का 20 प्रतिशत देने की मांग की।
सुखजीत सिंह ने आरोप लगाया कि बाद में उनसे पहले 2.50 लाख रुपये देने को कहा गया, जबकि बाकी 2.50 लाख रुपये एफआईआर दर्ज होने के बाद मांगे गए। इसके बाद उन्होंने सीबीआई से शिकायत की।
सीबीआई ने शिकायत की जांच के दौरान बातचीत रिकॉर्ड की और आरोपों की पुष्टि होने पर 3 अगस्त को ट्रैप बिछाया। ट्रैप के दौरान इंस्पेक्टर सुरेश कुमार और एएसआई भगत सिंह को 2.50 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया गया। सीबीआई ने रिश्वत की पूरी रकम भी बरामद कर ली है। अब दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।