चंडीगढ़ न्यूज डेस्क: भारतीय हॉकी के 100 वर्षों की उपलब्धियों को समर्पित भव्य कार्यक्रम का आयोजन यूटी प्रशासन ने सेक्टर-42 के स्टेडियम में किया। कार्यक्रम में प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने चंडीगढ़ हॉकी लीग का लोगो लॉन्च किया। यह लीग हर साल आयोजित की जाएगी और इसमें कुल 35 लाख रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों को ‘नशा मुक्त भारत’ की शपथ भी दिलाई गई।
हॉकी चंडीगढ़ के सहयोग से आयोजित इस समारोह में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिताओं में शहर का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों और कोचों का सम्मान किया गया। इसमें ओलिंपियन दीपक ठाकुर, राजपाल सिंह, बलजीत सिंह, गुरजंट सिंह और भारतीय टीम के वर्तमान खिलाड़ी संजय, मनिंदर सिंह और विक्रमजीत सिंह शामिल थे।
हॉकी चंडीगढ़ के अध्यक्ष करण गिल्होत्रा ने कहा कि यह उनके लिए गर्व की बात है कि चंडीगढ़ इस ऐतिहासिक समारोह की मेजबानी कर रहा है। उनका उद्देश्य नई पीढ़ी को भारतीय हॉकी की स्वर्णिम विरासत से जोड़ना है। इस अवसर पर भारतीय जूनियर टीम के कप्तान रोहित के परिजन भी मौजूद रहे।
प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने कहा कि चंडीगढ़ ने भारतीय हॉकी को कई ओलंपियन खिलाड़ियों के रूप में गौरवशाली योगदान दिया है। यहां की प्रतिभा, समर्पण और खेल भावना प्रेरणादायक है और आने वाले वर्षों में शहर भारतीय हॉकी की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।