चंडीगढ़ न्यूज डेस्क: चंडीगढ़ के रामदरबार स्थित मंडी ग्राउंड में खाद्य सुरक्षा विभाग ने करीब 200 किलो पनीर की खेप पकड़ी है। विभाग को मिली सूचना के आधार पर टीम ने सुबह करीब 5 बजे पनीर लेकर जा रही बोलेरो पिकअप को रोका और जांच की। गाड़ी से बड़ी मात्रा में पनीर मिलने के बाद पूरी खेप को जब्त कर लिया गया।
जब्त पनीर को फिलहाल कोल्ड स्टोरेज में सुरक्षित रखवाया गया है। विभाग ने इसका सैंपल जांच के लिए एनएबीएल से मान्यता प्राप्त खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पनीर की गुणवत्ता को लेकर स्थिति साफ होगी और खाद्य सुरक्षा कानून के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे, फास्ट फूड सेंटर और दूसरे खाद्य कारोबारियों को भी निर्देश जारी किए हैं। उन्हें पनीर, दूध और अन्य कच्चा खाद्य सामान केवल अधिकृत और भरोसेमंद सप्लायर से खरीदने को कहा गया है। साथ ही खरीद से जुड़े बिल और रसीदें सुरक्षित रखने और भोजन में इस्तेमाल होने वाले पनीर के प्रकार व गुणवत्ता की जानकारी मेन्यू या परिसर में साफ तौर पर प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए हैं।
विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में भी अचानक जांच का अभियान जारी रहेगा। पनीर सप्लायरों के साथ होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे, मिठाई की दुकानों और दूसरे खाद्य प्रतिष्ठानों की भी जांच की जाएगी। विभाग ने लोगों से मिलावटी या असुरक्षित दूध-पनीर की जानकारी खाद्य सुरक्षा कनेक्ट ऐप पर देने की अपील की है। शिकायत के लिए 0172-2782457 हेल्पलाइन नंबर पर भी संपर्क किया जा सकता है।