चंडीगढ़ न्यूज डेस्क: चंडीगढ़ पुलिस के ऑपरेशन सेल ने शहर के विभिन्न हिस्सों से पांच खूंखार अपराधियों को गिरफ्तार कर गैंगस्टरों के एक बड़े गठजोड़ (Nexus) का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इन आरोपियों के पास से पांच पिस्तौल और नौ कारतूस बरामद किए हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान संजू कांचा (सेक्टर 38 वेस्ट), अनस रईन (बापूधाम कॉलोनी), बलवंत (धनास), रंजीत (बुड़ैल) और सुभाष (जीरकपुर) के रूप में हुई है।
इस पूरे नेटवर्क का खुलासा तब हुआ जब गश्त के दौरान पुलिस ने संजू कांचा को मलोया की पैडी मंडी के पास से एक सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में संजू ने खुलासा किया कि वह हथियार मुख्य सप्लायर अनस रईन से खरीदता था, जो कथित तौर पर पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के संपर्क में है। अनस रईन को अंबाला जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाया गया है, जिसे पहले 2 किलोग्राम आरडीएक्स (RDX) विस्फोटक के साथ पकड़ा गया था।
अनस ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह इंस्टाग्राम के माध्यम से पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी से जुड़ा था और बलवंत के जरिए ट्राइसिटी (चंडीगढ़, मोहाली, पंचकुला) में हथियारों की सप्लाई करता था। इसी जानकारी के आधार पर पुलिस ने सेक्टर 63 के पास एक फिल्मी ड्रामे के बाद बलवंत को गिरफ्तार किया। बलवंत ने पुलिस की गाड़ी को टक्कर मारकर भागने की कोशिश की थी, लेकिन वह पकड़ा गया। उसके पास से भी हथियार बरामद हुए।
बलवंत की निशानदेही पर पुलिस ने रंजीत और सुभाष को भी दबोच लिया, जिन्हें बलवंत हथियार बेचता था। पुलिस के अनुसार, इन सभी आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। विशेष रूप से बलवंत के खिलाफ शहर के विभिन्न थानों में नौ आपराधिक मामले पहले से ही दर्ज हैं। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इस अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क के तार और कहां-कहां जुड़े हैं और क्या इनका किसी बड़ी आतंकी साजिश से संबंध है।