चंडीगढ़ न्यूज डेस्क: छत्तीसगढ़ के 55 साल के कारोबारी दीपक मित्तल की चंडीगढ़ के एक लग्जरी होटल में मौत हो गई। बुधवार को वह होटल के कमरे में बेहोशी की हालत में मिले थे। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
दीपक मित्तल रायपुर के रहने वाले थे और करीब दो दिन पहले सेक्टर 17 स्थित ताज चंडीगढ़ होटल में ठहरे थे। बुधवार को होटल के एक कर्मचारी ने उन्हें कमरे में बेसुध पाया। घटना की जानकारी मिलने पर सेक्टर 17 थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सेक्टर 16 स्थित गवर्नमेंट मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस ने बताया कि फिलहाल दीपक की मौत की असली वजह साफ नहीं हुई है। इसका पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। जांच के दौरान कमरे से शराब और कुछ दवाइयां मिली हैं। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं शराब के ज्यादा सेवन या दवाइयों की ओवरडोज की वजह से तो उनकी मौत नहीं हुई। हालांकि, अभी तक मेडिकल जांच में इन दोनों में से किसी भी वजह की पुष्टि नहीं हुई है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, रात के समय एक युवती दीपक मित्तल से मिलने होटल आई थी। पुलिस उससे भी पूछताछ कर रही है। हालांकि, अब तक ऐसा कोई पुख्ता सबूत सामने नहीं आया है, जिससे युवती की किसी गलत काम में शामिल होने की बात साबित हो।
बताया जा रहा है कि दीपक मित्तल चावल मिलिंग के कारोबार से जुड़े थे और सरकारी खाद्य आपूर्ति के ठेके भी लेते थे। वह पंजाब की मार्कफेड से जुड़ी एक बैठक में शामिल होने के लिए चंडीगढ़ आए थे। पुलिस उनकी मौत से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और दूसरे सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।