चंडीगढ़ न्यूज डेस्क: चंडीगढ़ में मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने पहुंचे युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन उस समय अलग अंदाज में नजर आया, जब पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए वाटर कैनन चलाया। पानी की तेज बौछारों के बीच कई कार्यकर्ता जमकर डांस करते दिखाई दिए। पुलिस पानी बरसाती रही और प्रदर्शनकारी अलग-अलग स्टेप्स करते रहे।
कुछ देर बाद जब वाटर कैनन बंद हुआ तो एक कार्यकर्ता ने मजाकिया अंदाज में पुलिस से ही पानी मंगाते हुए कहा, "जनाब जी पानी लाओ पानी।" प्रदर्शन के दौरान कई कार्यकर्ता पूरी तरह भीग गए। इसके बाद कुछ लोग हाथों में लाठी लेकर पुलिसकर्मियों के पास पहुंचे और उनसे बातचीत करते भी नजर आए।
युवा कांग्रेस कार्यकर्ता राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर रद्द करने और हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएन) के कर्मचारियों को नियमित करने की मांग को लेकर सीएम हाउस का घेराव करने पहुंचे थे। प्रदर्शनकारियों ने सेक्टर-9 स्थित मुख्यमंत्री आवास की तरफ बढ़ने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने पहले ही बैरिकेडिंग लगाकर उनका रास्ता रोक दिया।
जब कुछ कार्यकर्ता बैरिकेड पार कर आगे बढ़ने लगे तो पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। प्रदर्शन का नेतृत्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब ने किया। वाटर कैनन की कार्रवाई के बावजूद कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन जारी रहा और पानी की बौछारों के बीच उनका डांस सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया।