चंडीगढ़ न्यूज डेस्क: पंजाब में नशे की समस्या को लेकर अक्सर चर्चा होती रही है, जिसे Udta Punjab जैसी फिल्मों में भी दिखाया गया है। यह फिल्म खासकर युवाओं पर ड्रग्स के असर को उजागर करती है और राज्य की जमीनी हकीकत को सामने लाती है।
इसी बीच चंडीगढ़ के सेक्टर-33 का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक डिलीवरी पार्टनर सड़क किनारे खड़ी कार के पीछे नशे जैसी हालत में दिखाई दे रहा है। उसकी पीठ पर Blinkit का बैग था और वह मुंह में बीड़ी जैसा रोल पकड़े हुए काफी देर तक वहीं खड़ा रहा। बताया जा रहा है कि वह करीब दो घंटे तक उसी जगह पर खड़ा रहा और आसपास मौजूद लोगों के आवाज देने पर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रहा था।
मामले को लेकर सोशल मीडिया पर कई तरह की अटकलें लगाई गईं। कुछ यूजर्स ने इसे ड्रग्स के असर से जोड़ा, तो कुछ ने इसे पंजाब और आसपास के इलाकों में बढ़ते नशे के संकट से जोड़कर देखा। हालांकि, इस मामले में किसी भी तरह के नशीले पदार्थ के सेवन की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस के अनुसार, स्थानीय लोगों की ओर से कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। गश्त के दौरान पुलिस टीम की नजर उस युवक पर पड़ी, जिसके बाद उसे मेडिकल जांच के लिए भेजा गया। जांच में शराब या किसी अन्य नशीले पदार्थ के सेवन की पुष्टि नहीं हुई। बाद में उसे मजिस्ट्रेट के सामने पेश कर जमानत पर रिहा कर दिया गया।