चंडीगढ़ न्यूज डेस्क: पंजाब और चंडीगढ़ में इन दिनों दिन के समय तेज धूप निकल रही है, जिससे मौसम में गर्मी महसूस होने लगी है। हालांकि, चल रही हवाओं के कारण गर्मी का असर थोड़ा कम रहेगा। नमी कम होने से लोगों को उमस से भी राहत मिलेगी। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के मुताबिक, 2 अक्टूबर को दोनों जगह मौसम साफ और शुष्क रहने की संभावना है। पंजाब का औसत अधिकतम तापमान 0.7 डिग्री बढ़कर सामान्य के करीब पहुंच गया है। राज्य में सबसे ज्यादा 37 डिग्री तापमान बठिंडा में दर्ज किया गया।
30 सितंबर को मानसून सीजन खत्म हो चुका है, लेकिन पंजाब से मानसून की पूरी तरह विदाई अभी नहीं हुई है। मानसून की वापसी जारी है और फिलहाल इसकी वापसी रेखा गुरदासपुर और चंडीगढ़ से होकर गुजर रही है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटे में पंजाब के बाकी हिस्सों से भी मानसून की वापसी के लिए मौसम अनुकूल हो सकता है।
उत्तर हरियाणा और आसपास के इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ का असर बना हुआ है, लेकिन इसका प्रभाव पंजाब और चंडीगढ़ में बारिश के रूप में देखने को नहीं मिलेगा। आईएमडी ने 8 अक्टूबर तक पंजाब और चंडीगढ़ के लिए किसी तरह की मौसम चेतावनी जारी नहीं की है। यानी अगले कुछ दिनों में बारिश के बजाय मौसम सूखा रहने के आसार हैं।
अगले सप्ताह दिन में तापमान सामान्य या थोड़ा ज्यादा रह सकता है। उत्तरी और पूर्वी पंजाब में अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री, जबकि बाकी हिस्सों में 34 से 36 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। वहीं सुबह और रात के समय मौसम में ठंडक बढ़ेगी। उत्तरी और पूर्वी पंजाब में न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री और बाकी इलाकों में 18 से 20 डिग्री के बीच रह सकता है। रात का तापमान सामान्य से कम रहने के आसार हैं।