चंडीगढ़ न्यूज डेस्क: चंडीगढ़ के सेक्टर 39 स्थित सरकारी बंगला नंबर 926 में बुधवार शाम प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम पहुंची। टीम ने बंगले का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और तलाशी की कार्रवाई की। यह कार्रवाई ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (GMADA) से जुड़े कथित मामलों की जांच के तहत की गई है।
इस सरकारी आवास में आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली के पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन रह रहे हैं। हालांकि, जब ED की टीम वहां पहुंची, उस वक्त जैन घर पर मौजूद नहीं थे। सूत्रों के मुताबिक, उन्होंने बुधवार सुबह इसी आवास पर रेत खनन से जुड़ी एक बैठक की थी और बाद में दिल्ली के लिए रवाना हो गए थे।
ED की यह कार्रवाई एक दिन पहले की गई छापेमारी के बाद हुई है। मंगलवार को जांच एजेंसी ने GMADA के मुख्यालय के अलावा पंजाब, चंडीगढ़, हरियाणा और दिल्ली में कई जगहों पर तलाशी ली थी। यह जांच दिल्ली की तिरुपति इंफ्राप्रोजेक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड और उससे जुड़ी कंपनियों के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग मामले से जुड़ी बताई जा रही है।
जांच में जमीन अधिग्रहण, जमीन के इस्तेमाल में बदलाव यानी CLU परमिशन, प्रॉपर्टी की नीलामी और निजी रियल एस्टेट कंपनियों को कथित तौर पर दी गई वित्तीय रियायतों से जुड़े मामलों को देखा जा रहा है। ED की जांच में मोहाली और न्यू चंडीगढ़ में 5,000 एकड़ से ज्यादा जमीन के अधिग्रहण से जुड़े फैसले भी शामिल हैं।