ताजा खबर

हरिद्वार में बड़ा हादसा, अपर गंगा नहर में डूबने से चंडीगढ़ के चार किशोरों की मौत

Photo Source : Google

Posted On:Saturday, August 1, 2026

चंडीगढ़ न्यूज डेस्क: उत्तराखंड के हरिद्वार में कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ा हादसा हो गया। चंडीगढ़ के चार नाबालिग लड़कों की अपर गंगा नहर में डूबने से मौत हो गई। सभी युवक गंगाजल लेकर वापस लौट रहे थे और इसी दौरान नहर में नहाने उतरे थे।

मृतकों की पहचान शिवांशु (16), नितीश (16), भारत (16) और रोहित (17) के रूप में हुई है। सभी कांवड़ियों के एक समूह के साथ हरिद्वार आए थे और गंगाजल लेकर चंडीगढ़ लौट रहे थे।

पुलिस के अनुसार, हादसा ज्वालापुर-मायापुर क्षेत्र में हुआ। लौटते समय चारों ने अचानक नहर में नहाने का फैसला किया। उस समय नहर में ऊपर से पानी कम दिखाई दे रहा था, लेकिन नीचे गहरे गड्ढे होने के कारण यह हिस्सा बेहद खतरनाक था।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सबसे पहले भारत गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के लिए नितीश और शिवांशु नहर में उतरे, लेकिन वे भी तेज बहाव और गहराई में फंस गए। इसके बाद रोहित अपने दोस्तों को बचाने के लिए पानी में कूदा, लेकिन वह भी डूब गया।

उनके साथ मौजूद राहुल, अमित और साहिल ने भी बचाने की कोशिश की। इस दौरान अमित भी पानी में फंस गया, लेकिन साहिल ने उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि चारों किशोरों को नहीं बचाया जा सका।

घटना की सूचना मिलते ही जल पुलिस और राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। चारों युवकों को नहर से निकालकर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह ने बताया कि डूबने से चार किशोरों की मौत हुई है। उनके परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।

प्रशासन ने कांवड़ यात्रियों से अपील की है कि वे गंगा और नहरों के गहरे या असुरक्षित हिस्सों में स्नान न करें और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें।


चण्डीगढ़ और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. chandigarhvocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.