चंडीगढ़ न्यूज डेस्क: भारत और वेस्टइंडीज पर न्यू चंडीगढ़ में शनिवार को खेले गए सीरीज के तीसरे और आखिरी वनडे में स्लो ओवर-रेट के लिए जुर्माना लगाया गया है। भारत पर मैच फीस का 20 प्रतिशत और वेस्टइंडीज पर 10 प्रतिशत जुर्माना लगा है। समय में मिली छूट को ध्यान में रखने के बाद भारत की टीम तय ओवर-रेट से चार ओवर और वेस्टइंडीज की टीम दो ओवर पीछे रही थी।
आईसीसी इंटरनेशनल पैनल ऑफ मैच रेफरी के प्रकाश भट्ट ने दोनों टीमों पर यह कार्रवाई की। दोनों कप्तानों ने अपनी गलती मान ली और प्रस्तावित सजा को स्वीकार कर लिया, इसलिए मामले में किसी औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी। दोनों टीमों पर आरोप ऑन-फील्ड अंपायर जयरामन मदनगोपाल और सैम नोगाज्स्की, थर्ड अंपायर शर्फुद्दौला इब्ने शाहिद और फोर्थ अंपायर वीरेंद्र शर्मा ने लगाए थे।
वेस्टइंडीज इस मुकाबले से पहले ही तीन मैचों की सीरीज 0-2 से गंवा चुका था, लेकिन आखिरी वनडे में टीम ने शानदार वापसी करते हुए न्यू चंडीगढ़ में ऐतिहासिक जीत दर्ज की। शाई होप ने नाबाद 162 रन की पारी खेलकर टीम की जीत में सबसे बड़ी भूमिका निभाई। वेस्टइंडीज ने भारत के 352 रन के लक्ष्य को हासिल करते हुए पुरुष वनडे क्रिकेट में अपना सबसे बड़ा सफल रन चेज भी पूरा किया।
अब दोनों टीमों का फोकस पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज पर होगा। इस सीरीज का पहला मुकाबला 6 अक्टूबर से खेला जाएगा। वनडे सीरीज भारत ने 2-1 से अपने नाम की, जबकि वेस्टइंडीज आखिरी मैच में जीत के साथ दौरे के वनडे लेग का अंत करने में सफल रहा।