चंडीगढ़ न्यूज डेस्क: चंडीगढ़ नगर निगम में मेयर, सीनियर डिप्टी मेयर और डिप्टी मेयर के चुनाव की प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया गया है। अब ये चुनाव गुप्त मतदान की बजाय ‘हाथ उठाकर’ यानी शो ऑफ हैंड्स के जरिए होंगे। इस बदलाव को पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ (UT) के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने मंजूरी दी है। यह फैसला 1996 के चंडीगढ़ नगर निगम नियमों में संशोधन के तहत लिया गया है।
प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने बताया कि नए नियम से चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी और निर्वाचित प्रतिनिधियों की जवाबदेही भी तय होगी। उन्होंने भरोसा जताया कि इससे नगर निगम का प्रशासन और कार्यशैली ज्यादा मजबूत होगी, साथ ही लोकतंत्र में आम लोगों का भरोसा भी गहरा होगा।
बता दें कि इस संशोधन को पहले चंडीगढ़ नगर निगम की सदन बैठक में पारित किया गया था और फिर इसे कानूनी रूप से पंजाब नगर निगम अधिनियम, 1976 की धारा 398(2) के तहत प्रस्तावित किया गया। इसके बाद यह प्रस्ताव प्रशासक को भेजा गया, जिन्होंने अब इसे औपचारिक मंजूरी दे दी है।
गौरतलब है कि चंडीगढ़ में बीते कुछ वर्षों से मेयर चुनाव विवादों में रहा है। खासतौर पर जनवरी 2024 में हुए मेयर चुनाव में रिटर्निंग ऑफिसर अनिल मसीह पर मतपत्रों के साथ छेड़छाड़ के आरोप लगे थे। इसके बाद से ही गुप्त मतदान की निष्पक्षता को लेकर सवाल खड़े हुए थे। अब नई व्यवस्था इन विवादों को खत्म करने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।