चंडीगढ़ न्यूज डेस्क: पंजाब में मानसून सक्रिय होने के चलते आज भी कई इलाकों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कई हिस्सों में बारिश होगी, जबकि पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर और रूपनगर में तेज गरज-चमक के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
बारिश के कारण राज्य में तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरने की संभावना है। इससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने कई इलाकों में बारिश और गरज-चमक को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है।
वहीं, चंडीगढ़ में तेज बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने चंडीगढ़ के साथ पंचकूला और मोहाली में भी गरज-चमक के साथ बारिश और बौछारों की संभावना जताई है। इन इलाकों में मौसम में बदलाव के साथ तापमान में भी गिरावट आने की उम्मीद है।