ताजा खबर

पंजाब में मौसम ने ली अचानक करवट, दिन में छाया अंधेरा; आंधी-बारिश से धान भीगा, 3 फ्लाइट दिल्ली डायवर्ट

Photo Source : Google

Posted On:Tuesday, October 13, 2026

चंडीगढ़ न्यूज डेस्क: पंजाब में रविवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली। जालंधर में सुबह करीब 10 बजे दिन में ही अंधेरा छा गया और तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। लुधियाना और फरीदकोट में भी धूलभरी आंधी के बाद बारिश हुई। फाजिल्का, तरनतारन के पट्टी इलाके और पठानकोट में भी बारिश दर्ज की गई। अचानक बदले मौसम का असर आम लोगों के साथ किसानों पर भी पड़ा।

सड़क धंसी, अनाज मंडी में भीगा धान

अबोहर में सड़क धंसने से एक कार उसमें फंस गई। वहीं, फाजिल्का और फरीदकोट की अनाज मंडियों में रखा धान बारिश के कारण भीग गया। खराब मौसम का असर हवाई यातायात पर भी पड़ा। अमृतसर में मौसम खराब होने के चलते तीन उड़ानों को दिल्ली डायवर्ट करना पड़ा। इनमें एयर इंडिया एक्सप्रेस की एक और इंडिगो की दो फ्लाइट शामिल थीं। ये उड़ानें दुबई, श्रीनगर और बेंगलुरु से अमृतसर आ रही थीं।

कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

मौसम विभाग ने पंजाब के कई जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। इनमें पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर, फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा, रूपनगर, मोहाली, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, फरीदकोट, मोगा, लुधियाना, बरनाला, मानसा, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब और पटियाला शामिल हैं। विभाग ने बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।

सामान्य से नीचे पहुंचा तापमान

मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार, पंजाब में अधिकतम तापमान में 1.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। अब तापमान सामान्य से 2.1 डिग्री नीचे है। बठिंडा में सबसे ज्यादा 33.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, हरियाणा और आसपास के इलाकों में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जबकि हिमाचल प्रदेश के ऊपर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इन मौसमी प्रणालियों के चलते पंजाब और चंडीगढ़ में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है।


चण्डीगढ़ और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. chandigarhvocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.