चंडीगढ़ न्यूज डेस्क: पानीपत जिले के समालखा में नेशनल हाईवे-44 पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। चंडीगढ़ से वृंदावन जा रहे बाइक सवार युवक और युवती की बाइक का संतुलन बिगड़ने से वह डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों करीब 100 मीटर तक घसीटते चले गए और मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा सुबह करीब 7 बजे डीडब्ल्यूपीएस स्कूल के सामने फ्लाईओवर से पहले हुआ। स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने चेकअप के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान दीपक (25) और चित्राक्षी (22) के रूप में हुई है।
थाना प्रभारी दीपक ने बताया कि दोनों सेक्टर 30-बी, चंडीगढ़ के रहने वाले थे। हादसा समालखा से करीब दो किलोमीटर पहले हुआ। पुलिस ने दोनों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए पानीपत अस्पताल भेज दिया है।
फिलहाल पुलिस मृतकों के परिजनों के पहुंचने का इंतजार कर रही है, जिसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हादसे की खबर से परिजनों में मातम का माहौल है।