चंडीगढ़ न्यूज डेस्क: चंडीगढ़ में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और हीटवेव को देखते हुए स्कूलों में चल रहे समर कैंप्स को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है। चंडीगढ़ बाल अधिकार संरक्षण आयोग (CCPCR) ने गर्मी की छुट्टियों के दौरान आयोजित समर कैंप्स में आउटडोर गतिविधियों पर रोक लगाने के निर्देश जारी किए हैं। आयोग ने साफ कहा है कि बच्चों को तेज धूप और गर्म हवाओं से बचाना बेहद जरूरी है, इसलिए दोपहर के समय किसी भी तरह की बाहरी गतिविधियां आयोजित नहीं की जाएंगी।
आयोग ने स्कूलों और अन्य संस्थानों को निर्देश दिया है कि समर कैंप्स के दौरान बच्चों को केवल सुरक्षित और ठंडे वातावरण में ही गतिविधियों में शामिल किया जाए। सीसीपीसीआर के अनुसार लगातार बढ़ते तापमान और लू का असर बच्चों की सेहत पर गंभीर रूप से पड़ सकता है। इससे पहले भी आयोग ने हीटवेव को लेकर एडवाइजरी जारी की थी, जिसके बाद शिक्षा विभाग और चंडीगढ़ प्रशासन ने 23 मई से सभी सरकारी, निजी और सहायता प्राप्त स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित कर दिया था।
हालांकि छुट्टियों के बावजूद कई स्कूलों द्वारा समर कैंप आयोजित किए जाने की जानकारी आयोग के संज्ञान में आई। इसके बाद आयोग ने स्पष्ट किया कि समर कैंप बच्चों की रचनात्मकता और ऊर्जा को सही दिशा देने के लिए अच्छे हैं, लेकिन मौजूदा मौसम में खुले में गतिविधियां करवाना जोखिम भरा साबित हो सकता है। आयोग ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।