चंडीगढ़ न्यूज डेस्क: चंडीगढ़ में मानसून से पहले जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति से निपटने के लिए मेयर सौरभ जोशी ने यूटी प्रशासन को बड़ा पत्र लिखा है। उन्होंने यूटी के मुख्य सचिव एच. राजेश प्रसाद से एन-चो और पटियाला की राव की तत्काल सफाई, डी-सिल्टिंग और मजबूतीकरण कार्य शुरू कराने की मांग की है। मेयर ने कहा कि हर साल भारी बारिश के दौरान शहर के कई सेक्टरों, गांवों और कॉलोनियों में जलभराव की गंभीर समस्या पैदा हो जाती है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
मेयर सौरभ जोशी ने अपने पत्र में बताया कि एन-चो शहर की प्रमुख स्टॉर्म वॉटर ड्रेनेज लाइन में से एक है, लेकिन इसमें लगातार गाद, कचरा, झाड़ियां और अतिक्रमण बढ़ते जा रहे हैं। इसकी वजह से बरसात के दौरान पानी निकासी की क्षमता प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि अगर समय रहते सफाई और मरम्मत का काम नहीं हुआ तो मानसून में हालात और खराब हो सकते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि पटियाला की राव, जो शहर की ड्रेनेज व्यवस्था से जुड़ा एक महत्वपूर्ण मौसमी जलमार्ग है, वहां भी तत्काल डी-सिल्टिंग और अवरोध हटाने की जरूरत है। मेयर ने प्रशासन से उन जगहों की पहचान करने की भी मांग की है जहां बारिश के दौरान पानी ओवरफ्लो या कटाव की समस्या ज्यादा रहती है, ताकि समय रहते वहां सुरक्षा उपाय किए जा सकें।
मेयर ने जोर देकर कहा कि अगर सभी संबंधित विभाग मिलकर समय पर काम करें तो मानसून के दौरान शहर में जल निकासी व्यवस्था बेहतर बनी रहेगी और लोगों को अनावश्यक परेशानियों से बचाया जा सकेगा। उन्होंने प्रशासन से बारिश शुरू होने से पहले सभी जरूरी कार्य पूरे करने की अपील की है।