चंडीगढ़ न्यूज डेस्क: मोहाली के डेराबस्सी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले नगर कौंसिल लालड़ू के करीब दो दर्जन गांवों के निवासियों को अब चंडीगढ़ और अंबाला के बीच आवागमन के लिए CTU बस सेवा की सुविधा मिल गई है। इस नई बस सेवा का शुभारंभ शनिवार को गांव झरमड़ी के बस स्टॉप से किया गया, जिससे लंबे समय से परिवहन सुविधा की मांग कर रहे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है।
बताया गया कि क्षेत्र की महिलाओं ने सांसद सतनाम सिंह संधू के समक्ष सार्वजनिक परिवहन की समस्या उठाई थी। इसके बाद सांसद के प्रयासों और भाजपा नेता मनप्रीत बन्नी संधू की पहल से CTU बस सेवा शुरू कराई गई। ग्रामीणों ने इसे क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए खुशी जाहिर की।
बस सेवा शुरू होने के मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हुए और भाजपा नेतृत्व, सांसद सतनाम सिंह संधू तथा मनप्रीत बन्नी संधू का आभार व्यक्त किया। इस दौरान मनप्रीत बन्नी संधू ने स्वयं बस में यात्रा कर लोगों को नई सुविधा की बधाई दी और CTU प्रबंधन, स्थानीय नेतृत्व तथा ग्रामीणों के सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि इस सेवा से स्कूल-कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों, कामकाजी लोगों और महिलाओं को सबसे अधिक लाभ मिलेगा। पहले चंडीगढ़ आने-जाने में 200 से 300 रुपये तक खर्च हो जाते थे, जबकि अब CTU बस से यह यात्रा लगभग 70 रुपये में पूरी हो सकेगी। इससे लोगों के समय और खर्च दोनों में उल्लेखनीय बचत होगी।