चंडीगढ़ न्यूज डेस्क: हरियाणा सरकार चंडीगढ़, पंचकूला और जीरकपुर के यात्रियों को बड़ी राहत देने की तैयारी में है। राज्य सरकार मोहाली स्थित शहीद भगत सिंह इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक पहुंचने के लिए 100 फीट चौड़ी नई सड़क बनाने जा रही है। इस सड़क के बनने से यात्रियों को मोहाली के भीड़भाड़ वाले रास्तों से होकर लंबा चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा और एयरपोर्ट तक सीधी व तेज कनेक्टिविटी मिल सकेगी।
प्रस्तावित सड़क चंडीगढ़ एंट्री प्वाइंट से शुरू होकर रक्षा मंत्रालय की जमीन और चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड की खाली भूमि के किनारे-किनारे एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन तक जाएगी। यह मार्ग भारतीय वायुसेना स्टेशन की सीमा के साथ विकसित किया जाएगा। हरियाणा के नागरिक उड्डयन विभाग ने इस सड़क का प्रारंभिक नक्शा भी तैयार कर लिया है।
इस परियोजना के लिए करीब 38 एकड़ रक्षा भूमि की आवश्यकता होगी, जिसे हरियाणा सरकार नकद भुगतान के आधार पर अधिग्रहित करेगी। सड़क निर्माण के साथ एयरफोर्स की बाउंड्री वॉल, नई सुरक्षा व्यवस्था और 450 मीटर लंबा अंडरपास भी बनाया जाएगा। यह अंडरपास इसलिए जरूरी है क्योंकि सड़क एयरपोर्ट के इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम और रनवे लाइटिंग क्षेत्र के पास से गुजरेगी। बताया जा रहा है कि इस नई योजना की लागत पहले प्रस्तावित 1357 करोड़ रुपये से काफी कम होगी।
नई सड़क बनने के बाद जीरकपुर से एयरपोर्ट की दूरी करीब 4 किलोमीटर कम हो जाएगी, जबकि मोहाली और कालका-शिमला हाईवे से आने वाले यात्रियों को भी राहत मिलेगी। वर्ष 2015 में एयरपोर्ट शुरू होने के बाद से चंडीगढ़ और पंचकूला के यात्रियों को मोहाली होकर लंबा रास्ता तय करना पड़ता था। अब 11 साल बाद इस समस्या के समाधान की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। फिलहाल परियोजना को अंतिम मंजूरी रक्षा मंत्रालय से मिलनी बाकी है।