चंडीगढ़ न्यूज डेस्क: किसान संगठनों की ओर से भारत-अमेरिका प्रस्तावित व्यापार समझौते के विरोध में नई दिल्ली के किसान घाट पर महापंचायत के आह्वान के बीच मंगलवार को हरियाणा पुलिस ने अंबाला जिले के शंभू बॉर्डर को पूरी तरह सील कर दिया। पुलिस ने हरियाणा के विभिन्न हिस्सों में कई किसान नेताओं को भी एहतियातन हिरासत में लिया।
पुलिस के अनुसार, शंभू बॉर्डर पर करीब 15 कंपनियां सुरक्षा बलों की तैनात की गई हैं, जिनमें अर्धसैनिक बल भी शामिल हैं। बड़ी संख्या में किसान दिल्ली कूच की तैयारी के साथ बॉर्डर पर पहुंच चुके थे। उन्हें आगे बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस ने कई स्तर की बैरिकेडिंग की और घग्गर नदी के पुल पर सीमेंट के अवरोधक लगाए।
किसान नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र और हरियाणा सरकार उन्हें शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने से रोक रही है। उनका कहना है कि महापंचायत से पहले ही कई किसान नेताओं और कार्यकर्ताओं को अलग-अलग स्थानों से हिरासत में लिया गया।
किसान संगठन पिछले कई महीनों से प्रस्तावित भारत-अमेरिका व्यापार समझौते का विरोध कर रहे हैं। भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) के अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी का कहना है कि यह समझौता किसानों, मजदूरों, छोटे व्यापारियों और युवाओं के हितों के खिलाफ है। उन्होंने इसे केवल किसानों का नहीं, बल्कि पूरे देश के हितों से जुड़ा मुद्दा बताते हुए व्यापक जनसमर्थन की अपील की।
शंभू बॉर्डर बंद होने के कारण पुलिस ने दिल्ली और पंजाब के बीच आने-जाने वाले वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग भी तय किए हैं। यात्रियों को अंबाला कैंट, लालरू, डेराबस्सी और जीरकपुर होकर सफर करने की सलाह दी गई है।