चंडीगढ़ न्यूज डेस्क: करीब सात महीने बाद टेस्ट क्रिकेट में वापसी करते हुए टीम इंडिया ने अफगानिस्तान पर ऐतिहासिक जीत दर्ज की। न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादविंद्र सिंह स्टेडियम में खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में भारत ने अफगानिस्तान को पारी और 300 रन से हराकर मुकाबला तीसरे ही दिन अपने नाम कर लिया। शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 564/8 पर पारी घोषित की, जिसके जवाब में अफगानिस्तान की टीम दोनों पारियों में 152 और 112 रन पर सिमट गई।
यह जीत टेस्ट क्रिकेट में पारी के अंतर से भारत की अब तक की सबसे बड़ी जीत बन गई है। इससे पहले भारत ने 2018 में विराट कोहली की कप्तानी में राजकोट टेस्ट में वेस्टइंडीज को पारी और 272 रन से हराया था। वहीं, टेस्ट इतिहास की सबसे बड़ी जीत का रिकॉर्ड अब भी इंग्लैंड के नाम है, जिसने 1938 में ऑस्ट्रेलिया को पारी और 579 रन से हराया था।
भारत की जीत में बल्लेबाजों के साथ-साथ स्पिन गेंदबाजों ने भी अहम भूमिका निभाई। टेस्ट डेब्यू कर रहे बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार ने पहली पारी में 6 विकेट लेकर अफगानिस्तान की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। दूसरी पारी में वॉशिंगटन सुंदर और कुलदीप यादव ने मिलकर सात विकेट झटके। बल्लेबाजी में कप्तान शुभमन गिल (126) और उपकप्तान केएल राहुल (100) ने शानदार शतक लगाए, जबकि साई सुदर्शन (81), ऋषभ पंत (81) और वॉशिंगटन सुंदर (नाबाद 52) ने उपयोगी अर्धशतकीय पारियां खेलीं।
अफगानिस्तान की ओर से मोहम्मद सलीम ने सर्वाधिक 6 विकेट लिए, लेकिन टीम को हार से नहीं बचा सके। खास बात यह रही कि यह मुकाबला विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 चक्र का हिस्सा नहीं था, इसलिए इस जीत का भारत की WTC फाइनल की दौड़ पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। फिर भी टीम इंडिया ने अपने दमदार प्रदर्शन से टेस्ट क्रिकेट में शानदार वापसी का संदेश दिया है।