ताजा खबर

ईरान के गुप्त तेल नेटवर्क को मदद देने का आरोप, अमेरिका ने चंडीगढ़ के दंपती और उनकी कंपनियों पर लगाया प्रतिबंध

Photo Source : Google

Posted On:Thursday, November 5, 2026

चंडीगढ़ न्यूज डेस्क: अमेरिका ने चंडीगढ़ में रहने वाले एक दंपती और उनसे जुड़ी कई कंपनियों पर प्रतिबंध लगा दिया है। अमेरिकी वित्त मंत्रालय का आरोप है कि ये लोग ईरान के गुप्त तेल परिवहन नेटवर्क को मदद पहुंचा रहे थे। इसके लिए कथित तौर पर जहाजों को फर्जी देश का झंडा और प्रमाणपत्र उपलब्ध कराए जा रहे थे, ताकि ईरान का तेल अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों से बचकर दूसरे देशों तक पहुंचाया जा सके।

समुद्री नियमों में धोखाधड़ी का आरोप

अमेरिकी वित्त मंत्रालय ने सुनील कुमार शर्मा और उनकी पत्नी जसप्रीत प्रीति शाहिद को प्रतिबंधित सूची में शामिल किया है। मंत्रालय के मुताबिक, दोनों ने अलग-अलग देशों के समुद्री नियामक संस्थानों के साथ कथित तौर पर धोखाधड़ी कर फर्जी जहाज रजिस्ट्रेशन और समुद्री वर्गीकरण संस्थाएं खड़ी कीं। अमेरिकी वित्त मंत्रालय ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि ये दोनों गयाना से लेकर इस्वातिनी और लाओस तक कई देशों का प्रतिनिधित्व करने का दावा करते थे। इसके जरिए ईरान के सैन्य तंत्र और उससे जुड़े संगठनों के लिए काम करने वाले जहाजों को भी अंतरराष्ट्रीय पाबंदियों से बचने में मदद मिली।

मंत्रालय के अनुसार, सुनील शर्मा ने 2023 में सिंगापुर में एस्वातिनी मैरीटाइम अफेयर्स एंड इंटरनेशनल शिप रजिस्ट्री पीटीई लिमिटेड नाम की कंपनी बनाई थी। हालांकि, इस्वातिनी सरकार ने सार्वजनिक रूप से इस कंपनी से अपना संबंध होने से इनकार किया था। इसके बावजूद कंपनी कथित तौर पर ईरान का पेट्रोलियम ले जाने वाले जहाजों को रजिस्ट्रेशन और झंडे से जुड़ी सेवाएं देती रही। अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने कहा कि ईरानी शासन की मदद करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी, चाहे वे जमीन, समुद्र या हवाई रास्ते से मदद पहुंचा रहे हों।

भारत में चल रही कंपनियां भी प्रतिबंधों के दायरे में

अमेरिकी वित्त मंत्रालय का कहना है कि सुनील शर्मा और जसप्रीत शाहिद भारत में स्थित कई कंपनियों का नेटवर्क भी चलाते हैं। आरोप है कि इनमें से कुछ कंपनियों का इस्तेमाल फर्जी जहाज रजिस्ट्रेशन तैयार करने के लिए किया गया। शर्मा भारत की कंपनी ओशनिएक टेक्नोलॉजीज इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर हैं। मंत्रालय के मुताबिक, इस कंपनी के जरिए अरूबा, निकारागुआ और सिंट मार्टेन जैसे देशों के नाम पर कथित तौर पर फर्जी रजिस्ट्रेशन तैयार किए गए।

इसके अलावा, भारतीय नागरिक अश्वनी कुमार धीमान और इश्विंदर सिंह भी शर्मा की कुछ कंपनियों में निदेशक के तौर पर दर्ज हैं। इनमें आर्यावर्त शिप मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड शामिल है। वहीं, जसप्रीत शाहिद के नियंत्रण वाली भारत की छह कंपनियों को भी अमेरिकी प्रतिबंधों के दायरे में लाया गया है। इनमें प्रिसेप्ट ट्रेंड्स प्राइवेट लिमिटेड, पॉलीनेशिया मैरीटाइम प्राइवेट लिमिटेड, एलेक्सार्या फिनसर्व प्राइवेट लिमिटेड, एलेक्सार्या मीडिया एंड एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड, विहाराबोटिंग प्राइवेट लिमिटेड और आर्यावर्त मैरीटाइम एंड एजुकेशनल ट्रस्ट शामिल हैं।


चण्डीगढ़ और देश, दुनियाँ की ताजा ख़बरे हमारे Facebook पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें,
और Telegram चैनल पर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें



You may also like !

मेरा गाँव मेरा देश

अगर आप एक जागृत नागरिक है और अपने आसपास की घटनाओं या अपने क्षेत्र की समस्याओं को हमारे साथ साझा कर अपने गाँव, शहर और देश को और बेहतर बनाना चाहते हैं तो जुड़िए हमसे अपनी रिपोर्ट के जरिए. chandigarhvocalsteam@gmail.com

Follow us on

Copyright © 2021  |  All Rights Reserved.

Powered By Newsify Network Pvt. Ltd.