चंडीगढ़ न्यूज डेस्क: उत्तर भारत में भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को जल्द राहत मिलने वाली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 10 जून से 16 जून के बीच कई राज्यों में बारिश, तेज आंधी और तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। इससे पिछले कई दिनों से जारी लू और गर्मी का असर कम होने की उम्मीद है।
मौसम विभाग के मुताबिक राजस्थान, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक रुक-रुक कर बारिश हो सकती है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। 11 और 12 जून को कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी हो सकती है, जिससे मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिलेगा।
पूर्वी उत्तर प्रदेश में 13 जून तक बारिश का दौर जारी रह सकता है, जबकि जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में पूरे सप्ताह हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं पूर्वोत्तर भारत, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु में भी अगले पांच से सात दिनों के दौरान भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
हालांकि राजस्थान के कई हिस्सों में फिलहाल गर्मी का प्रकोप जारी है। श्रीगंगानगर में मंगलवार को अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा। चूरू, पिलानी, फलोदी, जैसलमेर और बीकानेर भी भीषण गर्मी की चपेट में रहे। मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग में अगले दो दिनों तक तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है और कुछ स्थानों पर लू चलने की संभावना बनी हुई है।