चंडीगढ़ न्यूज डेस्क: अब चंडीगढ़ पुलिस हेडक्वार्टर, सेक्टर-9 में एंट्री पास बनवाने के लिए लोगों को लंबी लाइन में खड़े होने की जरूरत नहीं पड़ेगी। चंडीगढ़ पुलिस ने ‘स्वागतम् पोर्टल’ की शुरुआत की है, जिससे कोई भी नागरिक अब घर बैठे ही ऑनलाइन पास के लिए आवेदन कर सकेगा। यह सुविधा चंडीगढ़ पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है और पास अप्रूव होते ही व्यक्ति सीधे संबंधित अधिकारी से मुलाकात कर सकेगा। मीडिया कर्मियों और नियमित विजिटर्स के लिए वीकली और 15 दिन का पास भी जारी किया जाएगा।
डिजिटल सिस्टम से मिलेगी सुविधा और समय की बचत
इससे पहले पास बनवाने के लिए लोगों को मुख्यालय के गेट पर इंतजार करना पड़ता था, जिससे न केवल समय की बर्बादी होती थी, बल्कि भीड़ भी बढ़ती थी। अब डिजिटल प्रक्रिया लागू होने से व्यवस्था बेहतर होगी और विजिटर्स को भी आसानी मिलेगी। चंडीगढ़ पुलिस ने पहले ही आदेश जारी कर रखा था कि किसी को भी पुलिस मुख्यालय में प्रवेश करने के लिए विजिटर स्लिप जरूरी होगी, चाहे वह आम व्यक्ति हो या कोई अधिकारी।
पुलिस कर्मचारियों के लिए वर्दी पहनना हुआ अनिवार्य
पुलिस मुख्यालय में ड्यूटी कर रहे जवानों के लिए भी अब सख्ती लागू की गई है। डीएसपी मुख्यालय के नए आदेश के अनुसार अब सोमवार से शुक्रवार तक सभी पुलिसकर्मियों को फुल यूनिफॉर्म में रहना जरूरी होगा। पहले कई पुलिसकर्मी सिर्फ शुक्रवार को वर्दी पहनते थे और बाकी दिन सिविल ड्रेस में नजर आते थे, जिसे अब सख्ती से रोक दिया गया है।