चंडीगढ़ न्यूज डेस्क: मंडी में चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर पंडोह के जागर नाला के पास एक बड़ा डंगा (रिटेनिंग वॉल) ढह गया, जिससे करीब 30 मीटर सड़क क्षतिग्रस्त हो गई। एहतियात के तौर पर हाईवे की एक लेन को बंद कर दिया गया है, ताकि किसी भी बड़े हादसे से बचा जा सके।
बताया जा रहा है कि यह डंगा हाल ही में बनाया गया था और पहले भी इसमें दरारें आने की शिकायतें सामने आई थीं। अब दोबारा इसके गिरने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। डंगा ढहने के बाद आसपास बने अन्य हिस्सों में भी दरारें दिखने लगी हैं, जिससे खतरा और बढ़ गया है।
इस घटना के चलते सड़क के नीचे बसे करीब 20 परिवारों के घरों पर भी संकट मंडरा रहा है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और निर्माण कंपनी के खिलाफ नाराजगी जताते हुए तुरंत निरीक्षण और सुरक्षा उपाय करने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कदम नहीं उठाए गए, तो बड़ा हादसा हो सकता है।
वहीं, निर्माण कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर का कहना है कि डंगा मिट्टी के सेटलमेंट के कारण गिरा है और इसे दोबारा मजबूत तरीके से बनाया जाएगा। लगातार हो रही बारिश और पहाड़ी क्षेत्रों में लैंडस्लाइड की घटनाओं के बीच इस तरह की घटना ने सड़क निर्माण की गुणवत्ता और सुरक्षा पर नए सवाल खड़े कर दिए हैं।