चंडीगढ़ न्यूज डेस्क: चंडीगढ़ के सेक्टर-37 स्थित भाजपा कार्यालय के बाहर पार्किंग एरिया में हुए धमाके से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। शाम करीब 5 बजे तेज विस्फोट की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद मौके पर हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही चंडीगढ़ पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं और इलाके को तुरंत घेरकर जांच शुरू कर दी गई।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना से पहले दो संदिग्ध बाइक सवार दफ्तर के आसपास घूमते हुए देखे गए थे। आशंका है कि उन्होंने पहले रेकी की और फिर विस्फोट को अंजाम दिया। घटना के बाद केंद्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला और क्राइम ब्रांच की टीमें मौके पर पहुंचीं और साक्ष्य जुटाने का काम शुरू किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों तक पहुंचा जा सके।
सूत्रों के अनुसार, हमले में इस्तेमाल किए गए विस्फोटक को लेकर कई तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं। कुछ इनपुट्स में इसे पहले सीमा पार से भेजी गई खेप से जुड़ा बताया जा रहा है, जिसके तार जैश-ए-मोहम्मद और लश्कर-ए-तैयबा जैसे आतंकी संगठनों से जुड़े हो सकते हैं। हालांकि, इस बारे में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है और जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है।
वहीं, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल पर एक छोटा देसी बम फेंके जाने की बात भी सामने आई है। फिलहाल सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पूरे क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है। जांच पूरी होने के बाद ही साफ हो पाएगा कि इस विस्फोट के पीछे असली वजह और जिम्मेदार कौन हैं।