चंडीगढ़ न्यूज डेस्क: पंजाब और चंडीगढ़ में रविवार को मौसम ने अचानक करवट ली, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली और दिन सुहावना हो गया। चंडीगढ़ में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई, जबकि जालंधर, मोहाली, लुधियाना और पठानकोट समेत कई इलाकों में सुबह से बारिश होती रही। अन्य जिलों में बादल छाए रहे और ठंडी हवाएं चलती रहीं।
भारतीय मौसम विभाग ने 29 और 30 मार्च के लिए पंजाब के सभी जिलों और चंडीगढ़ में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार यह बदलाव वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के सक्रिय होने के कारण आया है, जिससे मौसम में अचानक परिवर्तन देखने को मिला।
बारिश के चलते जालंधर के कई इलाकों जैसे पंजाबी बाग, बसंत नगर, कपूरथला रोड और लेदर कॉम्प्लेक्स में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक बिजली कटौती की गई। हालांकि प्रशासन ने इसे मेंटिनेंस कार्य से जुड़ा बताया है। मौसम विभाग ने कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, आंधी और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना जताई है, जहां हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल के अनुसार अगले 24 घंटों में तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। 30 मार्च को कई जिलों में बारिश और तेज हवाएं जारी रहेंगी, जबकि 31 मार्च से बारिश की तीव्रता कम हो जाएगी और केवल कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।